SIDHARTHNAGAR NEWS: महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के मार्गदर्शन और थानाध्यक्ष ढेबरुआ नरायन लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन से जुड़ी जानकारियां देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 102 (स्वास्थ्य सेवा) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में बिना झिझक प्रशासनिक मदद प्राप्त कर सकें।इस मौके पर उपनिरीक्षक कुंज बिहारी तिवारी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश, मुख्य आरक्षी अमरेश पांडे, आरक्षी मोहित कुमार पुंडीर, बृजेश कुमार गौतम और महिला आरक्षी मीरा रानी मौजूद रहीं।







