Home उत्तर प्रदेश कुलपति की प्रेरणा से किसानों को मिला उन्नत बीज -चना और मसूर...

कुलपति की प्रेरणा से किसानों को मिला उन्नत बीज -चना और मसूर की नई किस्मों से बढ़ेगी उपज

भागीदारी प्रदर्शन चना और मसूर कार्यक्रम रबी 2025-26
JHANSI NEWS: रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी में अनुसूचित जाति उपयोजना (एससीएसपी) के अंतर्गत झाँसी जिले के विभिन्न ग्रामों  लहरगिर्द, अमरगढ़, अम्बाबाय, बेहटा, स्वतंत्रपुरा, बिरगुआ, गांधीनगर, मऊरानीपुर एवं मबाईगिर्द के किसानों के लिए बीज मुहैया कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 108 किसानों ने सहभागिता की। उन्हें चना की उच्च उत्पादक किस्म आरवीजी 204 तथा मसूर की उन्नत किस्म एल 4727 के बीज प्रदान किए गए। अध्यक्षता कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने की। उनके साथ निदेशक अनुसंधान डॉ. सुशील कुमार चतुर्वेदी और निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह उपस्थित रहे। अपने संबोधन में कुलपति डॉ. सिंह ने किसानों से संवाद करते हुए उन्हें प्रथम पंक्ति प्रदर्शन (एफएलडी) कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि “ऐसे कार्यक्रम न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि क्षेत्रीय कृषि उत्पादन को नई दिशा देने का कार्य भी करते हैं।” कुलपति ने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने और वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उन्नत बीज किस्में बुंदेलखंड क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल हैं और इनसे किसानों को अधिक उपज एवं लाभ प्राप्त होगा। किसानों ने बीज प्राप्त कर हर्ष व्यक्त किया और कहा कि इन किस्मों से उनकी उपज और आमदनी में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. पी.पी. जाम्भुलकर तथा क्रियान्वयन डॉ. कुलेश्वर प्रसाद साहू और डॉ. वैभव सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने किसानों को बीजों की विशेषताओं, आधुनिक खेती तकनीक, और फसल प्रबंधन उपायों की विस्तृत जानकारी दी। यह आयोजन अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत किसानों को सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक कृषि से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।