Home उत्तर प्रदेश कुशासन तथा भ्रष्टाचार व अलोकतांत्रिक हथकण्डों से घिरी मोदी सरकार घरेलू व...

कुशासन तथा भ्रष्टाचार व अलोकतांत्रिक हथकण्डों से घिरी मोदी सरकार घरेलू व बाहरी मोर्चे पर विफल:प्रमोद तिवारी

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने बिहार में मतदाता सूची में हुई गड़बडियों पर किये तीखे हमले

PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने रविवार को स्थानीय कैम्प कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात की। उन्होने कैम्प कार्यालय पर जनसमस्याओं की सुनवाई भी की। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर अभी से सावधानी बरते। उन्होने बतौर उदाहरण दावा जताया कि बिहार में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग अपनी निष्पक्षता की जगह एसआईआर के जरिए भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने का तानाबाना बुन रहा है। उन्होने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए गैरजरूरी मुददों को उछालने में लगी हुई है। उन्होने कहा कि अर्थव्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि खाद की कालाबाजारी से किसान की धान की फसल बर्बादी के कगार पर आ गयी है। वहीं उन्होने कहा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति का भी बदतर प्रबन्ध ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर दोहरी मार दिये हुए है। वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार अपने कुशासन, भ्रष्टाचार और अलोकतांत्रिक हथकण्डों से घिरी होने के साथ वैदेशिक मामलों में भी अलग थलग पड़ गयी है। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने पीएम मोदी पर तल्ख होते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सीजफायर के दावे, टैरिफ, एच-1 वीजा के जरिए देश की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने में कोई कोरकसर बाकी नही रखी। उन्होने कहा कि आश्चर्य है कि जब गाजापटटी को लेकर संयुक्त राष्ट्र सभा में सीजफायर का प्रस्ताव रखा गया तब मोदी सरकार के इशारे पर उस प्रस्ताव का वहां भारतीय प्रतिनिधि के जरिए मतदान से बहिष्कार कराया गया। उन्होने कहा कि पीएम मोदी इसके ठीक विपरीत अब फिर से गाजापटटी में सीजफायर को लेकर ट्रंप की प्रशंसा के पुल बांध रहे हैं। उन्होने कहा कि फिलिस्तीन को लेकर मोदी सरकार ने देश के पूर्ववर्ती प्रधानमंत्रियों के द्वारा इस मुददे पर स्थापित विदेश नीति से हटकर अदूरदर्शिता का खुला परिचय दिया है। इसके पहले राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने बेलहा गांव में संस्कृत विद्वान आचार्य चक्रधर शुक्ल के हाल ही में निधन पर परिजनों से मिलकर संवेदना जतायी। बाबा घुइसरनाथ धाम पहंुचे राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने दर्शन पूजन किया। यहां उन्होनें क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना द्वारा स्वीकृत करायी गयी पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को सराहा। पूरे नेमधर गांव में भी राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने समाजसेवी रामकुमार मिश्र के निधन पर संवेदना जतायी। वहीं उन्होनें रामगंज बाजार, मेढ़ावां मोड़, रायपुर तियांई व रानीगंज कैथौला बाजार में लोगों से मिलकर क्षेत्रीय विकास में सहयोग मांगा। लालगंज के धधुआ गाजन सीमा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी तथा प्रमुख इं. अमित प्रताप सिंह पंकज की अगुवाई में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, सांगीपुर प्रमुख अशोक सिंह बबलू, आशीष उपाध्याय, डॉ0 अमिताभ शुक्ल, फूलचंद्र पाण्डेय, सतीश पाठक, सुरेन्द्र सिंह ददन, रामबोध शुक्ला, दृगपाल यादव, छोटे लाल सरोज, पप्पू तिवारी, दारा सिंह, प्रीतेन्द्र ओझा, मुरलीधर तिवारी, इं. अतुल शुक्ला, शेरू खां, इम्तियाज, रोहित सिंह, त्रिभु तिवारी, अम्बुज मिश्र, प्रभात ओझा, कुंवर ज्ञानेन्द्र सिंह, आलोक सिंह आदि रहे।