FATEHPUR NEWS: मंगलवार शाम से बुधवार की दोपहर तक हुई तेज बारिश से तारापुर, बादलपुर, सहिली और भरसावा सहित कई अन्य गांवों में किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अचानक मौसम बदलाव से खासकर धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इस समय धान की फसल बाली पर है। किसानों को डर है कि यदि बारिश तेज हुई और इसके साथ हवा चली तो खेतों में खड़ी फसल गिर सकती है। हालांकि, अभी तक हवा का रुख शांत है, जिससे बड़ा नुकसान टला है, लेकिन रातभर हुई रुक-रुक कर बारिश और आसमान पर छाए घने बादल किसानों की बेचैनी बढ़ा रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि फसल गिर जाती है, तो उसका रंग काला पड़ जाएगा। इससे बाजार में अच्छा भाव नहीं मिलेगा और उत्पादन में भी भारी गिरावट आएगी। बादलपुर गांव के किसान रामबाबू पाल ने बताया कि अगर बारिश के साथ तेज हवा चली तो हमारी पूरी मेहनत चौपट हो जाएगी। इस स्थिति में उत्पादन आधा भी नहीं बचेगा और हमें बड़ा आर्थिक घाटा उठाना पड़ेगा। वहीं सहिली गांव के किसान राजेश निषाद उर्फ जग्गू के अनुसार, धान की बाली पूरी तरह पक चुकी है। यदि कुछ दिन धूप निकल जाए तो फसल की कटाई सुरक्षित हो जाएगी, लेकिन बारिश जारी रहने पर बहुत नुकसान होगा।







