Home आस्था अमौली में विशाल स्वास्थ्य शिविर व ब्लॉक स्तरीय किसान मेला का आयोजन

अमौली में विशाल स्वास्थ्य शिविर व ब्लॉक स्तरीय किसान मेला का आयोजन

मां दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा किया गया आयोजन
जहानाबाद विधायक राजेन्द्र पटेल रहे उपस्थित
इस किसान मेला में कई विभागों के लगे स्टॉल

FATEHPUR NEWS: जनपद के अमौली में मां दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा 20वीं दुर्गा पूजा के अवसर पर एक विशाल स्वास्थ्य शिविर, ब्लॉक स्तरीय किसान मेला और पेंशन शिविर का आयोजन किया गया। जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने मां दुर्गा का पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमौली के चिकित्साधीक्षक डॉ. पुष्कर कटियार के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर में 237 रोगियों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त, एक दर्जन दिव्यांगों के प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच की। कृषि विभाग ने स्टॉल लगाकर किसान सम्मान निधि, मृदा परीक्षण और निःशुल्क बीज वितरण जैसी सुविधाएं प्रदान कीं, जिसमें आठ किसानों को तोरिया लाही के बीज दिए गए। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन से संबंधित समस्याओं का समाधान किया। उद्यान, बेसिक शिक्षा, बाल विकास और स्वयं सहायता समूह सहित कुल 10 विभागों ने भी अपने स्टॉल लगाए और महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान आदर्श और आर्यन का अन्नप्राशन तथा मन्नो और रंजना की गोद भराई की रस्में भी संपन्न हुईं। विधायक ने कमेटी की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। संरक्षक अरुण कुमार मिश्रा, शिक्षिका शुभा देवी और अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम का संचालन उमेश कुमार त्रिवेदी ने किया, जिन्होंने सभी के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार शिवहरे और खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार पाल सहित सैकड़ों लोग इस आयोजन में उपस्थित रहे।