स्थलीय निरीक्षण कर उन्होंने व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
BHADOHI NEWS: मां दुर्गा प्रतिमा के विभिन्न विसर्जन स्थलों का शनिवार को औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, डीएम शैलेश कुमार व एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने निरीक्षण स्थलीय किया। जहां पर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान विशेष रूप से सिंहपुर नहर, चकवा महावीर मंदिर, उगापुर, तथा जद्दूपुर नहर का निरीक्षण किया गया। विसर्जन स्थलों की मौजूदा भौतिक स्थिति, जल स्तर, जनसुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, रोशनी, साफ-सफाई तथा गोताखोर व एनडीआरएफ की उपस्थिति आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। सभी विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड एवं पीएसी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल पुलिस एवं गोताखोर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनाती रहेगी। रात्रिकालीन विसर्जन को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश नगर पंचायत व विद्युत विभाग को दिए गए। प्राथमिक उपचार के लिए एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए। भीड़ नियंत्रण एवं ट्रैफिक डायवर्जन की स्पष्ट योजना बनाई जा रही है। जिससे विसर्जन के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। विसर्जन उपरांत घाटों की साफ-सफाई एवं अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश सफाई विभाग को दिए गए। प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। प्रत्येक विसर्जन स्थल पर एक नोडल अधिकारी की तैनाती की जाएगी। जो आयोजकों, स्थानीय नागरिकों एवं प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। विधायक दीनानाथ भास्कर ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। विसर्जन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। एसपी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी संवेदनशील दृष्टिकोण रखते हुए सतर्कता से ड्यूटी निभाएं और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।







