JHANSI NEWS: वन मिलियन फॉर वन बिलियन ने राज्यव्यापी एआई कौशल पहल ‘एआई प्रज्ञा’ के तहत झाँसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रारम्भ की गई महत्वाकांक्षी पहल “एआई प्रज्ञा” का लक्ष्य प्रदेश के 10 लाख नागरिकों को भविष्य के कौशल से सशक्त करना है। इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों, किसानों और महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स और साइबर सुरक्षा जैसी उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। इस समझौते के अंतर्गत, 1एम1बी संस्था बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 10,000 से अधिक छात्रों तथा विश्वविद्यालय से संबद्ध 70 से अधिक महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध कराएगी।
प्रदेश के युवाओं, छात्रों और शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करने का कार्य संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त संस्था 1एम1बी द्वारा किया जा रहा है। 1एम1बी, ‘एआई प्रज्ञा’ पहल का एक प्रमुख कार्यान्वयन भागीदार है और इसी के अंतर्गत झाँसी ज़िले के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में एआई प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
यह एमओयू कुलपति प्रो. मुकेश पांडे के मार्गदर्शन में तथा श्री राजबहादुर, कुलसचिव; श्री एम.एम. सिंह, संयोजक; डॉ. संदीप अग्रवाल, समन्वयक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। 1एम1बी संस्था की ओर से शिवम अग्रवाल, रीजनल मैनेजर (उत्तर भारत) और राज शर्मा, एआई फेलो उपस्थित रहे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को उद्योग जगत के उन्नत एआई कोर्स निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, 1एम1बी संस्था द्वारा रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर नौकरी के अवसर प्राप्त होंगे। विशेष प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों पर अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर भी प्राप्त होगा। एआई प्रज्ञा पहल उत्तर प्रदेश के युवाओं को नई तकनीकों से सशक्त बनाने, रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और वैश्विक मंचों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो प्रदेश को तकनीकी प्रगति और नवाचार के नए युग की ओर ले जाएगा।







