थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुई गोष्ठी
FATEHPUR NEWS: महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज–05 अभियान के तहत बुधवार को नगर पंचायत धाता में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व थानाध्यक्ष धाता योगेश कुमार सिंह ने मिशन शक्ति टीम के साथ किया। गोष्ठी में नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज, चौधरी धनराज सिंह इंटर कॉलेज के सभी अध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, समाज में उनके सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। थानाध्यक्ष धाता योगेश कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इसके लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने शासन द्वारा संचालित योजनाओं जैसे वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्प डेस्क, महिला शक्ति केंद्र आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत 1090 (महिला पॉवर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1930 (साईबर फ्रॉड) का उपयोग किया जा सकता है।bगोष्ठी में छात्र-छात्राओं को यह भी बताया गया कि पुलिस-प्रशासन हर स्तर पर उनके साथ खड़ा है और मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य न केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास और स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाना भी है। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज तभी आगे बढ़ सकता है जब बेटियां सुरक्षित और शिक्षित हों। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों और योजनाओं की जानकारी रखने की अपील की है। गोष्ठी में मौजूद अध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया तथा सुरक्षा और योजनाओं से संबंधित सवाल पूछकर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के समापन में यह संदेश दिया गया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़े, वे अपने अधिकारों को समझ सकें और समाज में सुरक्षा व सम्मान की भावना और मजबूत हो।







