रामलीला के तीसरे दिन श्री राम जन्म लीला का हुआ मंचन
SONBHADRA NEWS: श्री रामलीला समिति सोनभद्र नगर के तत्वाधान में आयोजित रामलीला के बुधवार को तीसरे दिन चारों भाइयों सहित भगवान श्रीराम के जन्म का सजीव मंचन देखने आए दर्शकों ने नृत्य एवं गीत के साथ खुशियां मनाई। जमकर आतिश बाजियां हुई और खिलौने मिठाई का वितरण किया गया। बतादें कि नगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला के तीसरे दिन चक्रवर्ती सम्राट अयोध्या के राजा दशरथ और माता कौशल्या के द्वारा पुत्र प्राप्ति हेतु यज्ञ का आयोजन, श्री राम भरत शत्रुघ्न एवं लक्ष्मण चारों भाइयों का जन्म, जन्म के जश्न में प्रजा द्वारा खुशियां एवं नृत्य, राम भरत शत्रुघ्न तथा लक्ष्मण का नामकरण संस्कार की लीला का सजीव मंचन रामचरितमानस मंडली प्रयागराज के कुशल कलाकारों द्वारा किया गया। इसके पूर्व गणेश वंदना के साथ लीला की शुरूआत की गई थी। वही समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह द्वारा रामलीला के तीसरे दिन से प्रत्येक दिन की लीला की सूची क्रमशः पढ़कर दर्शकों को बताया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष पवन कुमार जैन, राकेश गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, आनंद मिश्रा, विजय कनोडिया, धर्मवीर तिवारी, धर्मराज जैन, कृष्ण मुरारी गुप्ता, रामप्रसाद यादव, चंदन, केसरी, प्रशांत जैन, उमेश केसरी, चंद्र कुमार केजरीवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







