FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्रांतर्गत सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कसरेहटा गांव में झाड़ फूंक ने चार वर्षीय एक मासूम की जान ले ली। सांप काटने के बाद परिजन सरकारी अस्पताल ले जाने की बजाय कोरू गांव में पहले झाड़ फूंक कराया। तब तक मासूम की हालत बिगड़ गई थी। जब तक अस्पताल में बेहतर इलाज होता, तब तक मासूम की मौत हो गई। सुल्तानपुर घोष अंतर्गत कसरेहटा गांव के अनंत कुमार गौतम (चार वर्षीय) पुत्र संजय कुमार गौतम को रविवार की रात घर में ही सर्प ने काट लिया। परिजनों ने अस्पताल ले जाने के पहले झाड़ फूंक का सहारा लिया और इस बीच मासूम की हालत इतनी बिगड़ गई कि प्रयागराज जिले के सरोजिनी नायडू बाल चिकित्सालय के डॉक्टर भी बच्चे को नहीं बचा सके। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता संजय कुमार गौतम ने बताया कि अनंत और उसकी मां सभी लोग सो रहे थे। तभी अनंत को रात्रि में सर्प ने काट लिया। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मालूम हो कि अस्पताल में एंटी वेनम इंजेक्शन होने के बावजूद सांप काटने पर पहले लोग झाड़ फूंक के चक्कर में पड़ जाते हैं। जब हालत बिगड़ जाती है, तभी अस्पताल लाते हैं। अनंत कुमार के साथ भी यही हुआ। मामले के बाद सीएचसी हथगाम के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अमित कुमार चौरसिया ने बताया कि सांप काटने के बाद काटने के स्थान के थोड़ा ऊपर रस्सी बांध लेने तथा तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाने से जान बचाई जा सकती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम में अब तक आधा दर्जन में से एक को छोड़कर सभी की जान बचाई जा चुकी है।







