कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखते छात्र व प्राध्यापक
BHADOHI/SEVA PURI NEWS: राजकीय महाविद्यालय बरकी में शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा सम्मान और स्वावलंबन को दृष्टिगत रखते हुए मिशन शक्ति 5.0 अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण लोक भवन उत्तर प्रदेश से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की उपस्थिति में लैपटॉप एवं मोबाइल प्रसार के माध्यम से महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को दिखाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बिनोद कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि आगामी 22 सितंबर से 24 दिसंबर तक 90 दिनों तक बेटियों एवं महिलाओं के सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन का प्रतीक मिशन शक्ति फेज 5 पूर्व वर्षों की भांति प्रदेश सरकार का महत्वाकांक्षी सफल अभियान है। महाविद्यालय की मिशन शक्ति नोडल अधिकारी डॉ. श्वेता सिंह ने मिशन शक्ति फेज 5 की विशेषताओं एवं इन 90 दिनों के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों को रेखांकित करते हुए कहा कि इस अभियान में प्रदेश के 1647 थानों पर महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए महिला शक्ति केंद्र की स्थापना की गई है। जहां पर प्रदेश की माताएं, बहनें, बेटियां अपनी सुरक्षा से संबंधित बिंदुओं को बिना डरे बता सकती हैं। उन्होंने विभिन्न महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1091, 1098, 181,112 आदि के बारे में भी बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ अनुज कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. मनोज कुमार गौतम, डा. शिव मंगल यादव, डा. ओम प्रकाश वर्मा, डा. चंडी प्रसाद पांडेय, डा. धर्मेंद्र यादव, डा. आकांक्षा सिंह आदि मौजूद रही।







