BHADOHI NEWS: जनपद में निदेशक महिला कल्याण उ0प्र0 लखनऊ के आदेशानुसार स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अन्तर्गत दिनांक 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम का अयोजन किया जाना है। गुरुवार को विश्वनाथ इण्टर कालेज धीरपुर बैदा भदोही में न दहेज लेने, न दहेज देने हेतु शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया तथा महिलाओं पर घरेलू हिंसा और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रेशमा भारती ने दहेज निषेध अधिनियम के बारे में बताया कि यदि कोई व्यक्ति दहेज देता है, लेता है या देने या लेने के लिए उकसाता है, तो उसे कम से कम पाँच साल की कैद और पंद्रह हज़ार रुपये या ऐसे दहेज के मूल्य की राशि, जो भी अधिक हो, के जुर्माने से दंडित किया जाएगा। यह धारा दहेज की प्रथा को पूरी तरह से प्रतिबंधित करती है और इसके उल्लंघन के लिए कड़े दंड का प्रावधान करती है। साथ ही दहेज प्रथा को खत्म करने के लिए बेटियों को अपने ही घर से आवाज उठानी होगी। प्रियंका गुप्ता जेण्डर स्पेसलिस्ट ने महिला कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड व सामान्य), पति की मृत्युपरान्त निराश्रित महिला पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेन्टर, 1098 चाइल्ड हेल्पलाईन एवं टोलफ्री नं0-181 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। इस दौरान रेशमा भारती, प्रियंका गुप्ता, आनन्द कुमार मौर्या, सत्येन्द्र पाण्डेय एवं काफी संख्या में छात्रायें उपस्थित रहीं।







