Home उत्तर प्रदेश दोस्तों ने ही की थी आकाश की निर्मम हत्या, पुलिस ने किया...

दोस्तों ने ही की थी आकाश की निर्मम हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

SIDHARTHNAGAR NEWS: खेसरहा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलउख में कुछ दिनों पहले हुई युवक आकाश गुप्ता की बेरहमी से हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खेसरहा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए औजार (प्लास और पेचकस) और मृतक की सोने की चेन बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के मार्गदर्शन में एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद और सीओ बांसी मयंक द्विवेदी ने थानाध्यक्ष अनुप कुमार मिश्रा और एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी के साथ मिलकर एक टीम बनाई। 12 सितंबर की दोपहर, बेलउख गांव में आकाश गुप्ता (निवासी बनुहिया बुजुर्ग) का शव विशम्भर राय के बगीचे में मिला था। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक के भाई राहुल गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने शैलेश यादव (निवासी पचमोहनी) को 13 सितंबर को और निखिल राय (निवासी बनुहिया) को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि आकाश उनका पुराना दोस्त था और मुंबई में साथ काम भी कर चुका था। आकाश ने शैलेश से 12 हजार रुपया उधार लिए थे, जो वह वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर रंजिश में दोनों ने आकाश को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
12 सितंबर को आरोपियों ने आकाश को नशा पिलाया और शैलेश की मोटरसाइकिल पर बैठाकर बगीचे में ले गए। वहाँ उन्होंने प्लास और पेचकस से उसकी निर्मम हत्या कर दी और उसके गले से सोने की चेन भी लूट ली। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हुए औजार और सोने की चेन बरामद कर ली है। घटनास्थल से मिला आकाश का टूटा हुआ मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिसका डेटा रिकवर कराया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि इस मामले में प्रेम-प्रसंग का एंगल भी हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली टीम को 15,000 रुपया का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निखिल राय (निवासी बनुहिया) और शैलेश यादव (निवासी पचमोहनी) के रूप में हुई है।