MIRZAPUR NEWS: शुक्रवार की दोपहर कचहरी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब वकीलों ने अधिवक्ता के ऊपर मुकदमा किए जाने को लेकर दरोगा के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। जिगना थाने में तैनात दरोगा एक पीड़िता का बयान कराने कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन वहीं मौजूद वकील पहले से नाराज़ थे। उनका आरोप था कि अधिवक्ता को झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है। जैसे ही दरोगा बयान कराने आगे बढ़े, वकील भड़क उठे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। दरोगा और वकीलों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि स्थिति बिगड़ती नजर आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर थाना शहर कोतवाली की पुलिस भी बुलानी पड़ी। हालात संभालने के लिए सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर वकीलों को समझाया और उन्हें शांत कराया। सौभाग्य से पुलिस और वकीलों के बीच कोई मारपीट नहीं हुई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने बताया कि यह विवाद कोर्ट में एक पीड़िता का बयान कराने को लेकर हुआ था। जिगना की एक पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर 9 में होना था, जिसे लेकर थोड़ी समस्या हुई। इस मामले में क्षेत्राधिकारी नगर और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शहर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर तुरंत स्थिति संभाल लिया। पुलिस के साथ कोई मारपीट या हाथापाई नहीं हुई। पीड़िता ने मजिस्ट्रेट कोर्ट में अपना बयान दिया और सकुशल अपने घर चली गई। मौके पर कानून और शांति व्यवस्था सामान्य है।







