SAHARANPUR NEWS: मंडल में कई गन्ना समितियों में गन्ना सर्वें सट्टा प्रदर्शन और समाधान मेले का शुभारम्भ हो गया है।
इनमे गन्ना समिति देवबन्द में इस मेले का शुभारम्भ उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर मण्डल ओ. पी. सिंह एवं गन्ना समिति देवबन्द के चेयरमैन चौधरी उपेन्दर सिंह ने फीता काट कर किया। इस अवसर पर उपस्थिति गन्ना किसानों को सम्बोधित करते हुये उप गन्ना आयुक्त ने कहा की सहारनपुर मण्डल की सभी गन्ना समितियों मे यह समिति स्तरीय गन्ना सर्वे व सट्टा प्रदर्शन एवं आपत्ति निस्तारण मेले का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कृषकों के प्राथमिक कैलेण्डर के प्रिन्ट कराकर विभागीय एवं चीनी मिल कार्मिकों के माध्यम से गन्ना किसानों को भौतिक रूप से वितरित किया गया है,अब तक किसान को प्राप्त प्राथमिक कैलेंडर में दर्ज गन्ना सप्लाई, रकबा आदि की जानकारी के बाद यदि किसी किसान भाई को कहीं कोई त्रुटि नजर आती है तो किसान भाई इस कार्यक्रम में समाधान करा सकते हैं।
उन्होंने कहा की गन्ना सर्वे रिकार्ड, आपूर्ति का साधन, अपना मोबाईल नम्बर, आधार नम्बर, बैंक एकाउंट नम्बर, अपनी खतौनी, गन्ना ट्रांसफर की एन्ट्री तथा गन्ना सर्वे बटवारा आदि का सुधार व प्रविष्टि करा सकते हैं। इसी कार्यक्रम में गन्ना समिति के नये सदस्य भी सदस्यता हेतु ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। जिनकी पूरी तकनीकी सहायता भी इस कार्यक्रम में की जायेगी। मृतक सदस्यों के वारिसान सदस्य बनाने का अभियान भी इस दौरान चलाया जायेगा। जिसका कृषकगण लाभ उठा सकते हैं। उप गन्ना आयुक्त ने बताया की इस गन्ना मेले कार्यक्रम के अवसर पर भारी संख्या में कृषक पहुंते हैं। तो इस सब को दृष्टिगत रखते हुए आगामी शरदकाल में गन्ना बुआई, ड्रिप इरीगेशन, पौषक तत्व प्रबन्धन, फसल सुरक्षा, सहफसली खेती तथा अन्य विभागीय योजनाओं की समस्त जानकारी भी पैम्लेट व लिफ्लेट के माध्यम से दी जायेगी। इस कार्यक्रम में चीनी मिल के महाप्रबन्धक (गन्ना) एवं मिल का अधीनस्थ स्टॉफ, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना विकास निरीक्षक, सचिव गन्ना समिति, सुपरवाइजर व अन्य विभागीय स्टॉफ मौजूद रहेंगे। जिससे कि कृषकों की समस्याओं का समस्त समाधान किया जा सके। किये गये समाधान की फीडिंग साथ के साथ कम्प्यूटर में की जायेगी। जिन कृषकगण ने अभी तक भी किसी कारण वश घोषणा पत्र नहीं भरा है और कृषकों को घोषणा पत्र को भरने में कोई तकनीकी कठिनाई हो रही है तो इसका भी समाधान इस कार्यक्रम में करा सकते हैं। उप गन्ना आयुक्त ने कहा की इस पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य है कि कृषकगणों के सर्वे व सट्टा आदि से सम्बन्धित समाधान एक ही स्थान पर करा दिया जाये। यह अन्तिम अवसर है। इसमें समस्याओं का समाधान कराने के उपरान्त फाईनल कैलेण्डर ऑनलाईन चीनी मिल चलने से पूर्व उपलब्ध हो जायेगा।
इस गन्ना मेला कार्यक्रम के उपरान्त गन्ना सट्टा, सर्वे, से सम्बन्धित कोई भी आपत्ती अथवा समस्याऐं ग्राह्य नहीं की जावेगी। जिससे फाइनल गन्ना सप्लाई कैलेण्डर में कोई परिवर्तन न आने पाये।
उन्होंने कहा की इससे पूर्व भी 30 अगस्त, 2025 तक गांव गांव में 63 कालम की सूचना पर किसानो से प्राप्त शिकायतों, आपत्तियों आदि का समाधान कराया जा चुका है। यह गन्ना किसान मेले सहारनपुर मंडल की सभी 15 गन्ना समितियों और 1 चीनी मिल समिति में लगेंगे अर्थात 16 स्थलों पर लगेंगे और इन मेलो में सहारनपुर मंडल के तीनो जनपदों की सभी 19 चीनी मिलो द्वारा अपने अपने क्षेत्र की गन्ना समिति में अपने स्टॉफ सहित प्रतिभाग किया जायेगा।







