बोले एक झापड़ मारूंगा तो पेशाब कर दोगे
HAMIRPUR NEWS: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में उस वक्त हंगामा मच गया जब खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने नेशनल हाईवे-34 पर जाम लगा दिया। हालात को काबू में करने पहुंचे एसडीएम मौदहा ने किसानों को भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषा में धमकाते हुए कहा, “एक झापड़ मारूंगा तो पेशाब कर दोगे”। यह बयान माइक पर सार्वजनिक रूप से दिया गया, जिसका वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मंगलवार सुबह से ही मौदहा की मंडी समिति में खाद के लिए सैकड़ों किसान लाइन में लगे थे, लेकिन सुबह 10:30 बजे तक कोई कर्मचारी खाद वितरण केंद्र पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज़ किसानों ने हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही एसडीएम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। जाम खुलवाने के बाद एसडीएम ने मंडी परिसर में माइक से किसानों को संबोधित करते हुए खाद जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। लेकिन जैसे ही कुछ किसानों ने खाद वितरण में अनियमितता और पूर्व अनुभवों की शिकायत की, अफसर का पारा चढ़ गया। उन्होंने माइक पर ही आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस टिप्पणी से किसानों में रोष फैल गया, हालांकि मौके पर मौजूद कुछ वरिष्ठ लोगों ने स्थिति को संभालते हुए किसानों को खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।







