Home उत्तर प्रदेश फिर बढ़ने लगी गंगा, गांव वासियों की बढ़ी बेचैनी, प्रशासन अलर्ट

फिर बढ़ने लगी गंगा, गांव वासियों की बढ़ी बेचैनी, प्रशासन अलर्ट

MIRZAPUR NEWS: गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और सोमवार को यह 76.350 मीटर पर पहुंच गया, जो चेतावनी स्तर 76.724 मीटर से मात्र 0.374 मीटर नीचे है। हरसिंहपुर और मल्लेपुर गांवों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी  पवन कुमार गंगवार और अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व)  अजय कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम सदर  गुलाब चंद्र ने हरसिंहपुर और मल्लेपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है और लेखपालों, राजस्व निरीक्षकों, ग्राम प्रधानों, सचिवों, सभी एडीओ पंचायत और बीडीओ के माध्यम से तटवर्ती गांवों के ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए लेखपालों को तत्काल नाव व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें अलर्ट मोड में हैं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनके साथ है और राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।