Home उत्तर प्रदेश जनता के बीच जाकर पीछे बैठे जनवादी: कलेक्टर

जनता के बीच जाकर पीछे बैठे जनवादी: कलेक्टर

सरकारी अफसर नहीं, जनता के साथी

MIRZAPUR NEWS: (सलिल पाण्डेय) नगर के सिटी क्लब में शनिवार, 6 सितंबर की शाम लोक संस्कृति संरक्षण केंद्र की डायरेक्टर उषा प्रकाश द्वारा आयोजित कजली/मल्हार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार मंच से उतर कर एवं बिल्कुल पीछे जाकर कार्यक्रम देखने लगे। हुआ यह कि ऊषा गुप्ता मंच से कजली प्रस्तुत कर रही थीं। बाएं म्यूजिक सिस्टम था तो दाहिनी ओर जिलाधिकारी गंगवार एवं नगपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी मंच पर बैठे थे। जिलाधिकारी अकस्मात यह कहते हुए उठे कि सामने से देखने में ठीक रहेगा।जिलाधिकारी मंच से नीचे जब उतरे तो अगली पंक्ति में बैठे लोगों ने जिलाधिकारी के लिए कुर्सियां छोड़ दी लेकिन किसी को उठा कर कुर्सी पर बैठना जिलाधिकारी ने उचित नहीं समझा और वे बिल्कुल पीछे की ओर खाली कुर्सी पर जाकर बैठ गए। उनके साथ नगरपालिका के अध्यक्ष श्याम सुन्दर केसरी भी साथ हो लिए कार्यक्रम देखने के बाद जब वे जाने लगे तो उनके हाथों बच्चों को प्रमाणपत्र तथा विशिष्ट जनों को सम्मानित करना था, लिहाजा पुनः उन्हें मंच पर बुलाना पड़ा। जिलाधिकारी की इस सादगी पर लोग रीझ गए तथा बहुतों को 1942 से 1948 तक मिर्जापुर में रहे जिलाधिकारी रहे वाई डी गंडेविया याद आ गए जो अपना परिचय जिलाधिकारी के रूप में न देकर ‘मेरा नाम वाई डी गंडेविया है, मैं मिर्जापुर कलेक्ट्री में काम करता हूं’ कहकर देते रहे। जिलाधिकारी के जाने के कुछ देर बाद नगर विधायक रत्नाकर मिश्र भी आए। मंच पर बैठाया गया लेकिन वे भी नीचे उतर आए तथा कहा कि मंच से ज्यादा बेहतर नीचे बैठकर कार्यक्रम देखना है। कार्यक्रम अति उच्चकोटि का था। सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। उपहारों की वर्षा हो रही थी। जिला सूचनाधिकारी ओमप्रकाश उपाध्याय कार्यक्रम की कमान सम्हाले थे।