SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शनिवार 6 सितंबर को शोहरतगढ़ विकास खंड के विभिन्न गांवों में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं की गुणवत्ता और कार्य प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत मदरहना जनूबी में बन रहे पंचायत भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन और उसकी बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य को देखा और एस्टीमेट एवं मेजरमेंट बुक (एमबी) का मिलान किया। मनरेगा के तहत बन रहे इस पंचायत भवन की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने तत्काल पंचायत सचिव राम स्वरूप गुप्ता का वेतन रोकने और 30 नवंबर 2025 तक सभी कार्य पूरे कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद, जिलाधिकारी ने मदरहना जनूबी गांव में लौटू के घर से महसेहिया बंधा तक बनी इंटरलाकिंग सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने एस्टीमेट और एमबी का मिलान करते हुए पाया कि जल निगम द्वारा पाइप डालने के लिए खोदी गई सड़क को ग्राम पंचायत ने ठीक करा दिया है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय महला में कराए गए इंटरलाकिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सड़क के एस्टीमेट और एमबी का मिलान किया। साथ ही, विद्यालय में बने किचन शेड को भी देखा, जो सही पाया गया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय पिपरहवा पहुंचे, जहां उन्होंने टाइलीकरण और पेंटिंग के कार्य को देखा। पेंटिंग की गुणवत्ता सही नहीं पाई गई और कई जगहों से पेंट उखड़ रहा था। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की और 15 दिनों के भीतर फिर से पेंटिंग कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने विद्यालय के जर्जर हो चुके भवन को तुरंत ध्वस्त करने का भी आदेश दिया।







