Home Blog ईद मीलादुन्नबी पर जश्न का माहौल, नूरानी माहौल में डूबा कुरैश नगर

ईद मीलादुन्नबी पर जश्न का माहौल, नूरानी माहौल में डूबा कुरैश नगर

मीनार की चमक ने बढ़ाई इलाके कि शान

MIRZAPUR NEWS: पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की विलादत के मौके पर मीरजापुर का मुसलमान ईमान और मोहब्बत की खुशियों में डूबा हुआ है। शहर से लेकर गांव तक हर गली, हर मोहल्ला रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से जगमगा उठा है। हर तरफ से कव्वालियों की मधुर गूंज सुनाई दे रही है— “खुशियां मनाओ सैय्यदे अबरार आ गए, पढ़ लो दरूद मोमिनों सरकार आ गए।” इस बार सबसे अधिक चर्चा रामबाग स्थित कुरैश नगर की मस्जिद की है। करीब 100 फीट ऊँची मीनार को बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। मीनार से सजी झालरें सड़क तक फैली हुई हैं, जिनका नजारा देखने वालों का मन मोह लेता है। बताया जा रहा है कि रबीउल अव्वल के अवसर पर इस तरह की सजावट पहली बार की गई है। रात होते ही मीनार और आसपास का इलाका रोशनी से नहाया हुआ नजर आता है, जिसे देखने भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शहरभर में ईद मीलादुन्नबी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मस्जिदों को शानदार अंदाज में सजाया गया है। शहर के चारों तरफ रोड पर हरे झंडे रंग बिरंगी लाइट जगमगाते हुई नजर आ रही है। शहर के घंटाघर में स्थित मदरसा अरबिया इलियट घाट से उलेमा-ए-किराम की अगुवाई में शुक्रवार की सुबह 8 बजे पहला जुलूस निकाला जाएगा। जो वासलीगंज, तरकापुर, रमईपट्टी, कुरैश नगर और रामबाग से होकर वापस मदरसे पर समाप्त होगा। जुमा की नमाज के बाद दोपहर 2 बजे ईमामबाड़ा से मुख्य जुलूस-ए-मुहम्मदी निकलेगा। हाथों में हरे झंडे लिए मुस्लिम समाज के लोग इसमें शामिल होंगे। शहर में मुख्य मार्गों से यह जुलूस अपने पुराने रास्ते से होते हुए बल्ली का अड्डा, टेढ़ी नीम, त्रिमुहानी, बसनही बाजार, घंटाघर चौराहा, सरैया, मुकरी बाजार, लाल डिग्गी होते हुए वापस ईमामबाड़ा पर समाप्त होगा। जुलूस के दौरान जगह-जगह सामग्री का वितरण होगा और चारों तरफ जश्न का माहौल रहेगा।बारह रब्बीअव्वल को लेकर मीरजापुर पुलिस अलर्ट पर है। जुलूस को शांति पूर्वक तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन की तरफ से ठोस व्यवस्था की गई है।