Home उत्तर प्रदेश 41 बोटा सागौन के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार

41 बोटा सागौन के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार

SIDHARTHNAGAR NEWS/BADNI भारत-नेपाल सीमा पर अवैध लकड़ी की कटान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अकरहरा गांव के पास से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा, जिसमें अवैध रूप से सागौन की बेशकीमती लकड़ी लदी हुई थी। एसएसबी 50वीं वाहिनी के निरीक्षक विनीत मान और उनकी टीम के जवान सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को आते देखा। शक होने पर उन्होंने उसे रोककर पूछताछ की। जब चालक से लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद, टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया, जिसमें कुल 41 बोटा सागौन की लकड़ी लदी हुई थी। मौके से ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया गया। वन विभाग के अनुसार, गिरफ्तार ड्राइवर की पहचान ऐश मोहम्मद पुत्र झिन्कन के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत मानपुर, पोस्ट महादेव बुजुर्ग, थाना ढेबरुआ, जनपद सिद्धार्थनगर का रहने वाला है। एसएसबी ने जब्त की गई लकड़ी और ड्राइवर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इटवा रेंज के वन विभाग को सौंप दिया है। वन विभाग के फॉरेस्टर मंतराम ने इस कार्रवाई को वन विभाग और एसएसबी के बीच बेहतर तालमेल का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध लकड़ी की कटान को रोकने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि हमारी वन संपदा को सुरक्षित रखा जा सके।