SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लाख रुपये की नगदी के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह नगदी एक कार में एक बड़े बैग में छिपाकर रखी गई थी। एसएसबी ने नगदी के अलावा हुंडई आई-20 कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। यह एसएसबी 50वीं बटालियन द्वारा अब तक जब्त की गई सबसे बड़ी रकम है। बलरामपुर में 50वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट के निर्देश पर, बढ़नी की ‘सी’ कंपनी ने सहायक कमांडेंट संजय के.पी. के नेतृत्व में एक विशेष गश्ती दल का गठन किया। शनिवार, 30 अगस्त 2025 को, दल को भारत-नेपाल जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर सीमा स्तंभ 567/1 के पास तैनात किया गया।
गश्ती दल में उप-निरीक्षक चुणमनी, मुख्य आरक्षक अरुण सी. येनारे, और आरक्षक विक्रम सिंह, दिवाकर सिंह, तेजवीर सिंह, व देश पाल सिंह शामिल थे। गोरखपुर की ओर से आ रही हुंडई आई-20 कार (नंबर यूपी 32एचपी 7925) को रोका गया। तलाशी के दौरान, कार के अंदर एक बड़े थैले में 500 रुपये के 8000 नोट मिले, जिनकी कुल कीमत 40 लाख रुपये थी। कार में सवार दो लोगों की पहचान अतुल कुमार सैनी (पिता गुलाब चंद्र सैनी) और मकसूद आलम (पिता हाजी शाह आलम) निवासी गोरखपुर के रूप में हुई। दोनों के पास से एक-एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों व्यक्ति नगदी का कोई संतोषजनक जवाब या वैध प्रमाण नहीं दे पाए। इसके बाद, एसएसबी सीमा चौकी बढ़नी ने सभी सामानों को जब्त कर लिया। मानवाधिकार के नियमों का पालन करते हुए सभी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद, जब्त की गई नगदी, कार और मोबाइल फोन को आगे की कार्रवाई के लिए डीआरआई गोरखपुर को सौंप दिया गया है।







