अयोध्या के हनुमानगढ़ी में विपक्ष के उपनेता ने टेका मत्था, दिवंगत राजा विमलेंद्र के निधन पर जतायी संवेदना
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि भाजपा कभी भी राम मंदिर का निर्माण नहीं चाहती थी। उन्होने कहा कि बीजेपी मंदिर निर्माण को सिर्फ राजनीतिक मुददा बनाये रखना चाहती थी। बुधवार को अयोध्या पहुंचे राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण केवल सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से संभव हुआ है। उन्होने उप राष्ट्रपति के चुनाव पर कहा कि इण्डिया ब्लाक के उम्मीदवार न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेडडी सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं। वहीं विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा उप राष्ट्रपति चुनाव को लेकर श्री रेडडी के खिलाफ दिये गये बयान को पद की गरिमा के विपरीत करार दिया। बिहार चुनाव को लेकर भी राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि वहां पैंसठ लाख वोट काटे गये हैं। उन्होने कहा कि इसके विपरीत भाजपा के इशारे पर फर्जी मतदाता जोड़कर लोकतंत्र के साथ खिलवाड किया जा रहा है। उन्होने संविधान संशोधन विधेयक को भी भाजपा का विपक्षी सरकारों को अस्थिर करने का खतरनाक एजेण्डा भी करार दिया है। इसके पहले राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने हनुमानगढ़ी में मत्था टेका। यहां महन्त हेमन्तदास की अगुवाई में संत महात्माओं ने राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी को हनुमान जी की प्रतिमा भेंटकर लोकमंगल का आशीर्वाद सौंपा। इसके बाद राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी अयोध्या राज सदन पहुंचे। यहां उन्होनें दिवंगत स्वर्गीय राजा विमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन पर पुष्पांजलि अर्पित की। अयोध्या दौरे पर आये राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी का पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के द्वारा गर्मजोशी से स्वागत भी हुआ दिखा।







