PRATAPGARH NEWS: जिले के एक नर्सिंग होम में लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के राजापाल चौराहे स्थित एक नर्सिंग होम में हड्डी के डॉक्टर पर गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि बच्चे को बाएं पैर में मोच थी, लेकिन डॉक्टर ने दाएं पैर का ऑपरेशन कर दिया। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन थिएटर में बच्चे की चीख सुनकर मां को शक हुआ, और जब वह अंदर पहुंची, तो मामले का खुलासा हुआ। इस पर परिजनों ने विरोध जताया, तो अस्पताल प्रशासन ने मामले को शांत करने के लिए फ्री में इलाज का आश्वासन दिया। हालांकि, जब परिवार ने विरोध जारी रखा और कार्रवाई की मांग की, तो कथित तौर पर कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें नर्सिंग होम से बाहर निकाल दिया। पीड़ित की मां ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से की है। अब यह मामला स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन परिजन न्याय की मांग पर अड़े हैं।







