Home उत्तर प्रदेश मतदाता सूची पर विपक्ष अनावश्यक बौखलाया : संजय गुप्ता

मतदाता सूची पर विपक्ष अनावश्यक बौखलाया : संजय गुप्ता

PRAYAGRAJ NEWS: भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता का सोमवार को संगठनात्मक बैठक में भाग लेने के लिए लखनऊ जाते वक्त सोरांव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान श्री गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए भाजपा संगठन के प्रति उनके समर्पण और मेहनत को सराहा तथा सन 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मेहनत से लग जाने का आह्वाहन किया। भाजपा प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव ने बताया कि महानगर अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पार्टी आज इस मुकाम पर पहुंची है और 2027 में भी हम कार्यकर्ताओं के बल पर विजय हासिल करेंगे। वहां मौजूद पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए संजय गुप्ता ने कहा कि एकत्रित विपक्ष मतदाता सूची में अनावश्यक गड़बड़ी का आरोप लगाकर पूरे देश में तांडव कर रहा है और भोली-भाली जनता को गुमराह कर देश में अशांति फैलाने की चेष्टा कर रहा है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर भी अनर्गल आरोप लगा रहा है जो राष्ट्र हित में कतई उचित नहीं है। इस दौरान पार्षद नीरज गुप्ता,  राजेश गोंड,  डॉ. शैलेष पांडेय, वंदना सिंह, अरुण पटेल, दीप द्विवेदी , सह मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा आदि उपस्थित रहे।