मंत्री ने शहीदों के परिजनों व स्वतंत्रता सेनानी के परिजन को किया सम्मानित
BHADOHI NEWS: स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगाठ व हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत डीएम शैलेश कुमार के निर्देशन में स्वाधीनता दिवस पूरे जनपद में धूमधाम और हर्षाेल्लास से मनाया गया। कलेक्ट्रेट पर आयुष एवं खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग के मंत्री डॉ.दयाशंकर मिश्र दयालु ने ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामना दिया। वहीं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान डीएम ने कलेक्ट्रेट में वृक्षारोपण कर शहीद परिजनो को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। इसके पूर्व उन्होंने कैंप कार्यालय पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय झंडे को नमन किया। कलेक्ट्रेट परिसर में मंत्री व डीएम ने राष्ट्रीय झंडा फहराकर सलामी दी और देश को आजादी हासिल कराने में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले महापुरूषों तथा अमर शहीदों को श्रद्धार्पूवक नमन किया। उन्होंने हिन्दुस्तान को विविधताओं वाला देश बताते हुए कहा कि विभिन्न धर्म, जाति, वर्ग, बोली, वेशभूषा आदि के बाबजूद हमारा देश एकता-अखंडता की मिसाल है। डीएम ने कहा कि हमें समय के साथ-साथ अपनी सोच को बदलना होगा तथा हमको अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करना होगा। ध्वजारोहण के तत्पश्चात मंत्री व डीएम ने उपस्थित अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरणीय संचेतना का संदेश दिया। मंत्री ने कहा कि तुर्क, गुलाम वंश, खिलजी, तुगलक, सैयद, लोदी, मुगल व ब्रिटिश विदेशी आक्रांताओं ने भारत को लूटा और गुलाम बनाया। प्राचीनकाल में ही समुद्रगुप्त के समय में भारतीय सीमा दक्षिण पूर्व एशिया से लेकर अफगानिस्तान तक फैला था। इंडोनेशिया, जावा, बाली , बोर्नियो में बृहत्तर भारत की संकल्पना के साथ भारतीय संस्कृति आज भी जीवंत है। हिंदू धर्म का सबसे बड़ा मंदिर कंबोडिया में अंकोरवाट का मंदिर है। उस समय दक्षिण पूर्व एशिया के क्षेत्र मलय, श्याम दीप, सुवर्णदीप आदि नाम से जाने जाते थे। जो भारतीय संस्कृति का औपनिवेशिक प्रसार था। उन्होंने सभी को कर्तव्यों का दायित्व बोध कराया।
बताया कि कैसे मुठ्ठी पर लोगों ने हमारे देश पर शासन किया। पुर्तगाली, डच, अंग्रेज एवं फ्रांसीसी भारत में व्यापार के लिए आए। लेकिन अपनी कुटिलता व चालाकी से व्यापारी से शासक बन बैठे। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए सिर्फ़ एक तारीख नहीं बल्कि गर्व-गौरव का पर्व है। यह वह दिन है जब हमने लाखों बलिदानों के बाद गुलामी की बेड़ियां तोड़ी थीं।आज़ादी सिर्फ़ हमारे वीर शहीदों को याद करने का दिन नहीं बल्कि आगे बढ़कर देश के लिए काम करने का संकल्प लेने का अवसर है।आइए स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर, अमृतकाल में देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लें। इसी के साथ जनपद के सभी विभागों के कार्यालयों में भी धूमधाम के साथ स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एएसपी शुभम अग्रवाल, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, विजय नारायण सिंह, सीडीओ बालगोविंद शुक्ल, मुख्य कोषाधिकारी बृजेश सिंह, कुंवर प्रमोदचंद्र मौर्य, डॉ .रामेश्वर सिंह, अशोक उपाध्याय, राजेश पाल, डॉ.आनंद मिश्र, हर्षिता सिंह व अरूण बिंद आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।







