SIDHARTHNAGAR NEWS: बस्ती मंडल के एमएलसी सुभाष यदुवंश ने जन्माष्टमी के पर्व पर शनिवार को सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ विकास क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। उन्होंने ग्राम पंचायत सेमरा में मनरेगा पार्क, और बगहवा ग्राम पंचायत में पशु शेड व पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी सुभाष यदुवंश ने विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान और प्रधान संघ जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्र के साथ सेमरा गांव में नवनिर्मित मनरेगा पार्क का फीता काटकर लोकार्पण किया। समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी यदुवंश ने ग्राम प्रधान बिन्जन पाण्डेय और उनके पति अनिल पाण्डेय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी और मोदी की डबल इंजन सरकार गांवों के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जिससे देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में, बगहवा ग्राम पंचायत में प्रधान सरिता मिश्रा और उनके प्रतिनिधि गंगाधर मिश्र द्वारा बनवाए गए पशु शेड व पंचायत भवन का भी लोकार्पण किया गया। एमएलसी यदुवंश ने प्रधान के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में गांवों में ही रोजगार के तमाम अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्र ने किया। इस दौरान, खण्ड विकास अधिकारी, जे.ई. पीयूष मिश्र, शिवपूजन, ग्राम विकास अधिकारी राम स्वरूप गुप्त, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जफर आलम सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







