PRATAPGARH NEWS: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मध्यरात्रि घंटों व शंखध्वनि तथा दीप प्रज्ज्वलन के मध्य मंत्रोच्चारण के साथ भगवान का जगह जगह विधि विधान से पूजन अर्चन हुआ। वहीं धार्मिक स्थलों व संस्थानों में भजन संध्या में भी आधी रात तक भगवान श्रीकृष्ण का जयघोष गूंजता दिखा। पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में महंथ मयंक भाल गिरि के संयोजन में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी का फूलों से आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं को खूब रास आया। लालगंज कोतवाली में भजन संध्या कार्यक्रम में लोक गायक रविशंकर मिश्र, भजन गायक राजेश शुक्ल व सुश्री लाडो के कान्हा श्याम की महिमा को सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध दिखे। कथा व्यास आचार्य विनय शुक्ल के वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य हरिहर मंदिरम् में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनमोहक दिखा। सांगीपुर थाने में भी विपिन तिवारी के संयोजन में भजन व झांकी का प्रदर्शन कर कलाकारों ने लोगों को भावविभोर कर दिया। लालगंज के राधा मोहन मंदिर, पुरातन नर्वदेश्वर मंदिर में भी जन्मोत्सव को देखने श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर आधी रात तक श्रद्धालुओं की मंदिरों व झांकियों के पास भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सर्तक दिखा। एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा व सीओ आशुतोष मिश्र फोर्स के साथ क्षेत्र में भ्रमण करते दिखे।







