युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह यादव ने किया नेतृत्व
FATEHPUR NEWS: बुधवार को सुबह प्रेमनगर कस्बा के दावतपुर मोड़ से हजारों भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा रैली निकालकर हर घर तिरंगा का संदेश दिया।
बताते चलें कि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा जिला अध्यक्ष विवेक सिंह यादव के नेतृत्व में बुधवार को ऐरायाँ ब्लॉक के हजारों किसानों ने ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल से प्रेमनगर कस्बा में एकत्रित होकर थाना सुल्तानपुर घोष व चौकी चौराहा होते हुए किसानों ने लगभग 18 किलोमीटर तिरंगा यात्रा निकालते हुए खागा स्थित ऐरायाँ ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर ब्लॉक परिसर में धरना प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के किसानों ने ऐरायाँ विकास खंड में तैनात कुछ भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हुए गांव में साफ सफाई, जल भराव, दवा छिड़काव एवं नाली की समस्या सहित समस्याओं को तत्काल सुचारू रूप से ठीक कराए जाने की मांग किया तो वहीं किसानों ने बिजली और खाद की समस्याओं को भी प्रार्थना पत्र देकर निस्तारित करने की मांग किया। मौके पर मौजूद खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह व एसडीओ विद्युत दीपक कुमार एवं विद्युत विभाग के दो जेई सहित नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं को सुना और निस्तारण का आश्वासन भी दिया। कुछ पंचायत सचिवों से गुस्साये किसानों ने उनके तानाशाही रवैया से नाराज होकर उनके तबादले की भी बात कही। इस मौके पर सैकड़ो किसानों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लिखित रूप से भी दिया। कार्यक्रम में युवा जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह यादव एवं ऐरायां ब्लॉक के युवा अध्यक्ष दीपक मौर्य ने अपने कई समर्थकों के सहयोग से बड़ी भीड़ इकट्ठा करके कार्यक्रम को सफल बनाने में महती भूमिका निभाई।







