MIRZAPUR NEWS: पड़री थाने के नए प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने स्पष्ट कहा है कि फरियादियों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी भी प्रकार के माध्यम या दलाल की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि जिसकी पीड़ा हो,वह सीधे मेरे पास आए। किसी के माध्यम (दलाल) से आने पर समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने जनता से अपील की कि शांति और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए वे सीधे थाने में उनसे मिलें। सभी शिकायतों पर त्वरित और उचित कार्रवाई की जाएगी। कटरा से आए तेजतर्रार अधिकारी अजीत सिंह ने कटरा क्षेत्र से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा और पड़री थाने में चार्ज संभालने के महज पांच घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए 74 किलो गांजा, एक डिजायर कार और एक मोटरसाइकिल के साथ गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया और बरामद माल की कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी गई। इसी दौरान उन्होंने अपनी सूचना तंत्र के जरिए स्कॉर्पियो में क्रूरता पूर्वक ले जाए जा रहे चार गोवंश को मुक्त कराया। जबकि पशु तस्कर मौके से फरार हो गए। इन कार्रवाइयों से इलाके में मादक पदार्थ और पशु तस्करी करने वालों में भारी दहशत व्याप्त हो गई। प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने कहा कि वे जनता का विश्वास जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वे जनता की समस्याओं का समाधान करने और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए हमेशा तैयार हैं।







