FATEHPUR NEWS: राज्य मंत्री जलशक्ति रामकेश निषाद द्वारा ललौली इंटर कालेज स्थित बाढ़ राहत शिविर में राहत सामग्री का वितरण किया गया। राज्य मंत्री रामकेश निषाद द्वारा 40 परिवारों को बाढ़ राहत सामग्री और किट का वितरण किया गया। उन्होंने वहां स्थापित मेडिकल कैंप का भी अवलोकन किया एवं प्रभावित परिवारों से बातचीत की एवं उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए तथा मीडिया के साथियों से बातचीत भी की। राज्य मंत्री ने शिविर में मौजूद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्वास्थ्य सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने का संबंधितों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज़ी से जारी है। गौरतलब है कि ललौली कस्बा और इसका आसपास का बड़ा क्षेत्र हाल ही में बाढ़ की जद में आया था, जहां प्रशासन लगातार बचाव और पुनर्वास कार्य में जुटा हुआ है। जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि यमुना नदी में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए ललौली इंटर कॉलेज को राहत शिविर के रूप में बनाया गया था, जहां लगातार प्रभावित परिवारों को आश्रय, भोजन और उनके पशुओं के चारे की व्यवस्था की गई। आज यहां बचे हुए प्रभावित लोगों को राहत सामग्री प्रदान करने का अवसर मुझे मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने पूरी सतर्कता के साथ पहले से ही लोगों को आगाह किया और पूरी तैयारी के साथ चाक-चौबंद व्यवस्था रखी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत कार्य जारी है और हर संभव सुविधा लोगों तक पहुंचाई जा रही है। आगे बताया कि मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जहां भी नदी का कटान हो रहा है, उसका तुरंत निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही, बाढ़ उतरने के बाद संभावित बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को इलाज मुहैया करा रही हैं। फतेहपुर जनपद के सभी मजरों और इलाकों में डॉक्टरों की टीमें लगातार कार्यरत हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व डॉo अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर अनामिका श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार लक्ष्मी बाजपेई सहित संबंधित उपस्थित रहे हैं।







