SIDHARTHNAGAR NEWS: नीति आयोग द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण सेमिनार में सिद्धार्थनगर जिले ने अपनी विकास की सफलताओं का डंका बजाया। ‘वेस्ट प्रैक्टिस सेमिनार’ में जिले के दो अधिकारियों ने ‘आकांक्षी जिला’ और ‘आकांक्षी ब्लॉक’ कार्यक्रमों के तहत हासिल की गई उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
7 अगस्त 2025 को आयोजित इस सेमिनार में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी, खेसरहा, अमित सिंह और अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खेसरहा, डॉ. सुजीत पांडे ने हिस्सा लिया। इन दोनों अधिकारियों ने सेमिनार में जिले की प्रगति रिपोर्ट पेश की, जिसे काफी सराहा गया।
अधिकारियों ने बताया कि ‘आकांक्षी जिला’ कार्यक्रम के अंतर्गत सिद्धार्थनगर ने चार महत्वपूर्ण मानकों पर शत-प्रतिशत प्रगति हासिल की है। ये उपलब्धियां हैं: बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषाहार का वितरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण और सरकारी स्कूलों में पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण।
इसके साथ ही, ‘आकांक्षी ब्लॉक’ कार्यक्रम के तहत खेसरहा ब्लॉक ने भी एक अहम मानक, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर एक बेहतरीन मॉडल के रूप में पेश किया गया। खंड विकास अधिकारी अमित सिंह ने इस सफलता का श्रेय जिलाधिकारी को देते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में ही जिले ने यह प्रगति हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सिद्धार्थनगर ‘आकांक्षी जनपद’ की श्रेणी से निकलकर ‘अग्रणी जनपद’ की श्रेणी में शामिल होगा।







