डीएम ने वेतन काटने और नोटिस जारी करने के निर्देश
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी सख्ती दिखाते हुए रविवार को भनवापुर ब्लॉक के ग्राम तरहर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें भारी लापरवाही देखने को मिली, जिसके बाद उन्होंने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने डिलेवरी रजिस्टर और औषधि भंडारण कक्ष की जाँच की। जहाँ वार्ड ब्वॉय और एएनएम ड्यूटी पर मौजूद थे, वहीं स्टाफ नर्स बीना अनुपस्थित मिलीं। एएनएम ने बताया कि फार्मासिस्ट को सिरसिया में संबद्ध किया गया है। इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने स्टाफ नर्स बीना का तीन महीने का वेतन काटने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. मनोज कुमार मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी करने और एमओआईसी भनवापुर से भी स्पष्टीकरण माँगा है। डीएम के इस कदम से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और यह संदेश दिया गया है कि ड्यूटी से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







