पहले भी ले चुका कई जानें, ऊंची रसूख के चलते डाल देता पर्दा
JALAUN NEWS: शहर में एक प्राईवेट नर्सिंग होम का संचालक लोगो की जान से खिलवाड़ कर रहा है। कुछ माह पहले एक महिला की जान ले चुका चिकित्सक अब फिर एक महिला व उसके नवजात बच्चे की मौत का गुनहगार बना है। जिसने न सिर्फ अपनी हठधर्मिता के चलते महिला का ऑपरेशन किया बल्कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जान से खिलवाड़ करने से भी गुरेज किया। मृतिका के परिजन अब न्याय की आस में जिम्मेदारों का मुंह ताक रहे हैं। बताते चलें कि उरई कोतवाली क्षेत्र राजेन्द्र नगर करमेर रोड हाथी मंदिर के पास संचालित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में न सिर्फ गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराया जाता है बल्कि यहां बैठा सिलेंड नाम का चिकित्सक हर मर्ज का इलाज करने का दम भरता है। कुछ महीनों पहले एक महिला की जान ले चुके इस चिकित्सक ने एक बार फिर न सिर्फ एक महिला की जान ली बल्कि उसके गर्भ में पल रहे मासूम को भी मौत के घाट उतार दिया। बताया गया है कि महिला को प्रसव कराने के लिए उसके परिजन बुधवार को इस चिकित्सक के पास पहुंचे थे। महिला की जांचें कराई गई। जिसमें उसको खून की कमी पाई गई। अपने आप को एम्स जैसे अस्पताल का चिकित्सक समझने वाले इस चिकित्सक ने महिला को किसी हायर सेंटर भेजना भी मुनासिब नहीं समझा बल्कि अपने सहयोगियों के साथ महिला का प्रसव करा दिया। सूत्र बताते हैं कि महिला ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। जिससे घबराए उक्त सिलेण्ड ने महिला के शव को उसके नवजात शिशु के साथ एम्बुलेंस से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ ही नवजात का इलाज शुरू कर दिया। लेकिन उस नवजात की भी मौत हो गई। मामले को लेकर परिजनों ने डॉक्टर सिलेण्ड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद जागे जिले के चिकित्सकीय अमले ने हॉस्पिटल पहुँच कर जांच पड़ताल की।
लेकिन अपनी ऊंची पहुंच और रसूख रखने में माहिर डॉक्टर ने फिर से बचने के लिए तानाबाना बुनना शुरू कर दिया और अस्पताल से पहले ही भाग निकला। चर्चा हैं कि उक्त डॉक्टर सिलेण्ड फिर से एक बार मामले में झाड़ू-पोछा लगवाकर फिर से अपने जान लेने के गोरख धंधे में जुट जाएगा।







