Home आस्था बाबा घुइसरनाथ धाम में गूंज रहा “हर हर महादेव” का जयघोष

बाबा घुइसरनाथ धाम में गूंज रहा “हर हर महादेव” का जयघोष

PRATAPGARH NEWS: श्रावण माह में पौराणिक शिवालय बाबा घुइसरनाथ धाम हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो रहा है। बाबा धाम में शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। भोर में आरती के बाद मंदिर गर्भगृह का कपाट खुलते ही जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के जयकारों के बीच जलाभिषेक शुरू किया। वहीं मंदिर गर्भगृह की परिक्रमा कर श्रद्धालु बाबा से आशीर्वाद मांगने में रमे दिखे। पौराणिक शिव मंदिर में बाबा घुइसरनाथ जी को रोट चढ़ाकर श्रद्धालु मन्नतें मांगते भी दिखे। वहीं मंदिर परिसर में जगह जगह रूद्राभिषेक भी श्रद्धालु परिवार के साथ करते नजर आये। मंदिर के महंत मयंकभाल गिरि ने बताया कि सावन को लेकर बाबा धाम में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर जलाभिषेक कर रहे हैं। उन्होनें बताया कि सावन माह में भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक व पूजन अर्चन करने से मनोकामनायें पूर्ण हुआ करती हैं। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु मंदिर परिसर में लगे श्रावण मेले का भी आनन्द उठाते दिखे। मेले में दूरदराज से आयी दुकानों पर खरीददारी को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी दिखी।