SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में गुरुवार को सिद्धार्थ सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इस बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को बिना फिटनेस और परमिट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने खासतौर पर स्कूली वाहनों की फिटनेस जांचने पर जोर दिया और कहा कि बिना पंजीकरण के कोई भी वाहन नहीं चलना चाहिए। उन्होंने ओवरलोडिंग वाले वाहनों पर भी लगाम लगाने को कहा।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री, जैसे गिट्टी, न रखने का निर्देश दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) चिन्हित कर साइन बोर्ड और गति सीमा के बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और स्कूलों के पास यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, एआरटीओ प्रियवंदा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।







