जनपद स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में कम्पोजिट विद्यालय भगवास की छात्रा मुस्कान ने बढ़ाया भदोही का मान
BHADOHI NEWS: कंपोजिट विद्यालय भगवास, ज्ञानपुर की होनहार छात्रा मुस्कान बानो ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से विज्ञान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर जनपद का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता का आयोजन तिलकधारी इंटर कॉलेज, जौनपुर स्थित मारकंडेय सिंह सभागार में किया गया, जिसमें भदोही एवं जौनपुर जनपदों के कुल 131 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत आयोजित इस नवाचार प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के वैज्ञानिक नवाचारों को मंच प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में प्रस्तुत प्रोजेक्ट्स में से 10ः प्रतिभागियों का चयन राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया, जिसमें मुस्कान बानो का नाम शामिल होना पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। मुस्कान ने यह उपलब्धि नोडल शिक्षक श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में प्राप्त की। मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश चंद्र (जिलाधिकारी) ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुस्कान बानो को ₹3000 का नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भारत सरकार के इंस्पायर योजना के विशेषज्ञ इं. सुभदीप बनर्जी एवं इं. शुभांकर नस्कर, एसआरजी विज्ञान आदर्श वर्मा, डीआईओएस राकेश कुमार, एडी बेसिक वाराणसी मंडल उमेश शुक्ला, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य डॉ. सत्यप्रकाश सिंह, डॉ. राजन सिंह, राकेश कुमार, नीतीश सिंह, सौरभ ओझा, अंजली बाला, सुभद्रा कुमारी, अनीता रत्ना सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम संचालन डॉ. विपनेश श्रीवास्तव एवं सुनील सिंह द्वारा किया गया। यह चयन न केवल मुस्कान की प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि कंपोजिट विद्यालय भगवास के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है, जो ग्रामीण अंचल में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।







