Home इटावा सपा महिला सभा ने प्रदर्शन कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन

सपा महिला सभा ने प्रदर्शन कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन

अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देतीं सपाई महिलायें

ETAWA NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के मर्जर के आदेश के खिलाफ समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राकेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। महिला जिलाध्यक्ष सीमा यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार की शिक्षा विरोधी नीति पर तीखा हमला बोलते हुए राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राकेश कुमार सिंह के माध्यम से भेजा। प्रदर्शन के दौरान सपा महिला सभा की नेत्रियों ने कहा कि सरकार गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश रच रही है। वहीं, प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा के गिरते स्तर पर सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।
विद्यालयों के मर्जर की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। आरटीई कानून के अनुसार प्रत्येक बस्ती में एक किमी के भीतर प्राथमिक विद्यालय और 3 किमी के भीतर उच्च प्राथमिक विद्यालय की उपलब्धता अनिवार्य की जाए। सरकारी स्कूलों की संख्या बढ़ाई जाए, न कि कम की जाए। शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दी जाए, न कि शराब के ठेकों को। सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष सीमा यादव ने कहा कि योगी सरकार स्कूल बंद कर बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। ये फैसला गरीब विरोधी है। सपा महिला सभा इसके खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन में सीमा पाल, पिंकी, पूजा गुप्ता, मीरा गुप्ता, नीलू सिंह, साक्षी, हिरदेश शाक्य, हिमांशी, प्रियंका, विमला, सुशीला देवी, वर्षा गुप्ता, प्रियंका सहित महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नारेबाजी की।