JALAUN NEWS: पवित्र सावन माह के पहले दिन, शुक्रवार को शोहरतगढ़ क्षेत्र के शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। बाबा को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने फल, फूल, बेलपत्र, भांग, धतूरा और चंदन जैसी सामग्री अर्पित की। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के भारत माता चौक, डोई शिव मंदिर, श्रीराम जानकी और गंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने पहले साफ-सफाई की, फिर फूलों से बाबा का दरबार सजाया। परिसर में बैठकर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं के लिए शिव मंत्रों का जाप भी किया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने सभासदों के साथ सभी मंदिरों के आसपास चल रहे साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों से मंदिर परिसर के आसपास गंदगी न फैलाने की अपील भी की। मौके पर सभासद राजकुमार मोदनवाल, बब्लू गौड़, वकील खान, शिवरतन कन्नौजिया, मनोज चौधरी और दिनेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







