Home उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन 9 नमूने जब्त, मिलावटखोरों पर कसा...

खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन 9 नमूने जब्त, मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा

SIDDHARTHNAGAR NEWS: आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कमर कस ली है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी, सिद्धार्थनगर के सख्त आदेशों के बाद विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। सहायक आयुक्त खाद्य, सिद्धार्थनगर आर.एल. यादव के निर्देशन में विभाग की टीम ने गौरा बाजार शोहरतगढ़, सनई चौराहा और खजुरिया रोड नौगढ़ जैसे व्यस्त इलाकों को निशाना बनाया। इस दौरान सघन जांच करते हुए कुल 09 नमूने मौके से जब्त किए गए। इनमें किशमिश, बादाम, बेसन (दो नमूने), अजवाइन, खारी, प्रोटीन पाउडर, न्यूरोविटामिन और एक्स-जाइम सीरप के एक-एक नमूने शामिल हैं। सभी जब्त नमूनों को तत्काल प्रभाव से खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जहां उनकी विस्तृत जांच की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही, मिलावटी खाद्य पदार्थों और खुले में बिकने वाले पीसे मसालों की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जय प्रकाश, हीरा लाल और नीरज कुमार चौधरी प्रमुख रूप से शामिल रहे। विभाग का यह कदम मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।