KUSHINAGAR NEWS: उच्च प्राथमिक विद्यालय भलुही मदारी पट्टी में स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति चेतना जागृत करना तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के संकल्प को सशक्त बनाना रहा। इस अवसर पर बच्चों को न केवल स्वच्छता का महत्त्व समझाया गया बल्कि उन्हें अपने घर, विद्यालय एवं समुदाय में सफाई बनाए रखने की प्रेरणा भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के प्रतिनिधि अधिकारी द्वारा किया गया। जिन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए स्वच्छता से जुड़ी उपयोगी बातें साझा की। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रतिभा तिवारी ने अपने संबोधन में स्वच्छ वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला और ऐसे कार्यक्रमों को समाज की जड़ों तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली और अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय के सभी स्टाफ व बच्चे उपस्थित रहे।







