MUJAFFARNAGAR NEWS: आगामी कांवड़ यात्रा-2025 को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जनपद मुजफ्फरनगर में कानून एवं शान्ति व्यस्था बनाये रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा थानाक्षेत्र सिविल लाईन व कोतवाली नगर के अस्पताल तिराहा, मदीना चौक, बझेड़ी पुल एवं अन्य प्रमुख चौराहो, बाजारों, संवेदनशील स्थानों तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस एवं पीएसी बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया गया। इस दौरान महोदय द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर पेट्रोलिंग करने, ड्रोन के माध्यम से छतों एवं संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही महोदय द्वारा डॉग स्कॅवाड, इन्टेलिजेंस को सक्रिय करने तथा बम निरोधक दस्ता आदि को सक्रिय रहकर चैकिंग करने हेतु निर्देशित किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नगर श्री राजू कुमार साव, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे। इसके साथ ही महोदय द्वारा कांवड मार्ग का निरीक्षण करते हुए कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न कराने हेतु की जा रही तैयारियों, मार्ग पर लगे चेतावनी/सांकेतिक बोर्ड, कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी की पर्याप्त उपलब्धता एवं उनकी दशा व दिशा, लाइट व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, शिविरों के स्थान, बेरिकेडिंग, सडक निर्माण, एम्बूलेंस के निधार्रित स्थान आदि का निरीक्षण किया गया तथा समस्त तैयारियों को समयावधि में पूरा करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।







