JAUNPUR NEWS: 10 मोहर्रम शहादत का दिन, रोज़े अशूरा के मौके पर मौज़ा बिस्वा में अंजुमन मासूमिया रजिo की कदीम परंपरा के तहत पुरखों के रास्ते से जुलूस-ए-अज़ा निकाला गया। यह जुलूस अपने ऐतिहासिक मार्ग अर्ज़ानपुर, रूधौली होते हुए कर्बला मारुखपुर पहुँचा, जहाँ ताज़ियात शरीफ़ को विधिपूर्वक दफ़न किया गया। जुलूस में या हुसैन या हुसैन की सदाओं से माहौल ग़मगीन रहा। अंजुमन के नौहे, मातम और सीनाजनी ने ग़म-ए-हुसैन की याद को ताज़ा कर दिया। अकीदतमंदों ने पुरजोश तरीके से शिरकत की और इमाम हुसैन व उनके जानिसार साथियों की कुर्बानी को याद करते हुए आंसू बहाए।जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा। शांति व सौहार्द के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर अंजुमन के ज़िम्मेदारों और स्थानीय लोगों ने परंपरा को बनाए रखने के लिए एकजुटता और एहतराम का संदेश दिया।







