Home उत्तर प्रदेश नौगढ़ तहसील समाधान दिवस पर 47 शिकायतें दर्ज, डीएम ने निस्तारण के...

नौगढ़ तहसील समाधान दिवस पर 47 शिकायतें दर्ज, डीएम ने निस्तारण के दिए निर्देश

SIDDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के तहत 5 जुलाई 2025 को नौगढ़ तहसील में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 47 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से राजस्व विभाग की 5 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। तहसील समाधान दिवस में राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों की शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई क्षेत्राधिकारी नौगढ़ द्वारा की गई। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की रिपोर्ट का अवलोकन किया और लंबित मामलों की तत्काल जिला स्तरीय टीम बनाकर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि से संबंधित विवादों को मौके पर जाकर निरीक्षण कर निस्तारण कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों के समक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए। कानूनगो और लेखपालों को भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर बनाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लेखपालों और कानूनगो को निस्तारण से पूर्व मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। आज प्राप्त 47 प्रार्थना पत्रों में राजस्व के 32, पुलिस विभाग के 4, पूर्ति के 1, लो.नि.वि. के 3, समाज कल्याण के 1 और अन्य विभागों के 6 प्रार्थना पत्र शामिल थे। शेष शिकायतों को तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पी.डी. नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, डीएसओ देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष व खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।