विकास खंड परिसर में लगाए गए दर्जनों पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प
PRAYAGRAJ NEWS: वन महोत्सव के अवसर पर बुधवार को विकास खंड परिसर मऊआइमा में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इम्तियाज समी ने स्वयं पौधा लगाकर किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी उमेश सिंह ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। इनसे न सिर्फ हमें ऑक्सीजन मिलती है, बल्कि यह जल, मिट्टी और जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर नागरिक को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान महमदपुर सराय अली अशोक कुमार उर्फ गुड्डू, बीडीसी दिलीप कुमार, वन क्षेत्रीय अधिकारी हिव्या मिश्रा, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी मसूद अहमद, वन रक्षक हिमांशु सिंह सहित दर्जनों अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विकास खंड परिसर में विभिन्न प्रजातियों के दर्जनों छायादार और फलदार पौधे लगाए। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर गांव, स्कूल, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर इस तरह नियमित रूप से पौधरोपण किया जाए, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण मिल सकेगा।







