आकांक्षी ब्लॉक को शत प्रतिशत शिक्षा से संतृप्त करने की जताई प्रतिबद्धता
BHADOHI NEWS: प्राथमिक विद्यालय चकवा घनश्याम में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई। यह रैली नीति आयोग से संबद्ध सीएम फेलो डॉ.मधु शास्त्री की अगुवाई में निकाली गई। इस दौरान डॉ.मधु शास्त्री ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यालय में छात्र-छात्राओं के नामांकन करने को प्रोत्साहित करना है। विद्यालय के समस्त छात्रों एवं शिक्षक के साथ-साथ ग्रामसभा के सक्रिय नागरिकों से जनसंपर्क किया गया। वहीं घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की गई। डॉ.शास्त्री ने ग्रामीणों से संवाद कर बताया कि शिक्षा ही बच्चों का भविष्य संवारने का सबसे सशक्त माध्यम है। इस अभियान के तहत विशेष रूप से उन परिवारों को जागरूक किया गया। जिनके बच्चे अभी तक विद्यालय से दूर हैं या अनियमित रूप से स्कूल आते हैं। रैली में शामिल समस्त छात्र छात्राएं स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर व नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस अभियान से विद्यालय में नामांकन में वृद्धि होगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल कायम होगा। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र प्रताप, सहायक अध्यापक रजनीश कुमार रघुवंशी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।







