Home इटावा पश्चिम बंगाल से गुरुग्राम जा रही बस में लगी आग, यात्री सुरक्षित

पश्चिम बंगाल से गुरुग्राम जा रही बस में लगी आग, यात्री सुरक्षित

आग से जली बस को ठीक करते लोग

ETAWA NEWS: थाना बकेवर क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर टिलीटिला गांव के पास पश्चिम बंगाल से गुरुग्राम जा रही बस में अचानक आग लग गई। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार बस के पहियों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने बस के ब्रेक सिस्टम को भी चपेट में ले लिया, जिससे चालक बस का नियंत्रण खो बैठा लेकिन चालक की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। उसने हाईवे पर भरे बारिश के पानी में बस को धीरे-धीरे रोककर आग फैलने से बचा लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में मदद की और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। इस दौरान यात्रियों में अफरा तफरी का माहौल रहा। बस में ज्यादातर यात्री मजदूर वर्ग के थे जो अपने परिवार सहित रोज़गार की तलाश में पश्चिम बंगाल से गुरुग्राम जा रहे थे। घटना के बाद सभी यात्रियों को पास के एक गेस्ट हाउस में सुरक्षित ठहराया गया। बस संचालक द्वारा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई। वहीं, घटना के बाद कई यात्रियों ने बस की तकनीकी खामी और रखरखाव में लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर लम्बी दूरी की यात्रियों से भरी बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।