प्रधानाध्यापिका आसिया फारूकी ने कक्षा 5 के छात्रों को दी भावभ
FATEHPUR NEWS: प्राथमिक विद्यालय अस्ती में सोमवार को ‘मेधा अलंकरण समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अन्नु श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, जिससे विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह के दौरान कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रति छात्र नकद धनराशि प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया गया। विद्यालय की विशेष परंपरा के अनुसार हर वर्ष मेधावी छात्रों को साइकिल भी दी जाती है। इस वर्ष कक्षा 5 की छात्रा सना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99% अंक हासिल किए और अपनी कक्षा के 55 छात्रों को पीछे छोड़ते हुए स्कूल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें साइकिल पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अन्य छात्रों को भी ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आसिया फारूकी ने कक्षा 5 के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी। इसके साथ ही महिला अभिभावकों एवं विद्यालय की रसोइयों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और उल्लासपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।







