Home उत्तर प्रदेश 8लूट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, ₹2800 नकद बरामद

8लूट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, ₹2800 नकद बरामद

JAUNPUR NEWS: थाना लाइनबाजार पुलिस ने लूट के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त शिवम यादव उर्फ मोनू पुत्र रामआशीष यादव निवासी बिबीपुर थाना सिकरारा को आरटीओ तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से लूट की गई सोने की चेन बेचकर प्राप्त ₹2800 नकद बरामद किए गए। घटना 01 सितम्बर 2025 की सुबह की है, जब कन्धरपुर निवासी संतोष कुमार यादव टहलने निकले थे। इसी दौरान पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर चैन लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे संतोष यादव के पैर में गोली लग गई। हमलावर उनकी दो सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना लाइनबाजार पर मुकदमा दर्ज कर आगे गंभीर धाराएं जोड़ी गई थीं। पकड़े गए अभियुक्त ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अभिषेक यादव के साथ जेल जा चुका है और उनका गिरोह जौनपुर समेत आसपास के जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस ने बताया कि शेष अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह समेत छह पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।