Home इटावा 4 अंतर्राज्यीय साइबर ठगो को पुलिस ने किया गिरफ्तार

4 अंतर्राज्यीय साइबर ठगो को पुलिस ने किया गिरफ्तार

एसएसपी ने पुलिस टीम को 15 हजार रूपये से पुरस्कृत किया

ETAWA NEWS: पुलिस द्वारा गिरोह बनाकर ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले  4 अन्तर्राज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया गकब्जे से 6 मोबाइल, 1 पैन ड्राइव, 3 पासबुक, 7 चेकबुक, 2 आधार कार्ड, 1 मैट्रो कार्ड, 3 पेन कार्ड, 13 एटीएम कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस, 3 क्यूआर कोड, 1 फर्म की मोहर, 1 मोटर साइकिल (पैशन प्रो) व 1 कार (टाटा पंच) बरामद की गयी. जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम एवं गिरोह बनाकर साइबर ठगी करने वाले अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम, अपर पुलिस अधीक्षक नगर  अभयनाथ त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अपराध  सुबोध गौतम के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर  अभयनारायण राय  के कुशल नेतृत्व में सुबह थाना कोतवाली पुलिस, एसओजी/सर्विलांस टीम व थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत टीटी तिराहे पर भ्रमणशील थी । इसी दौरान आपराधिक अभिसूचना प्राप्त हुयी कि गिरोह बनाकर साइबर ठगी करने वाले अभियुक्त बाइस ख्वाजा गेट के सामने खडे है । प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुये थाना कोतवाली,  एसओजी/सर्विलांस व थाना साइबर टीम द्वारा 4 अभियुक्तों को बाइस ख्वाजा गेट के सामने से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों से पुलिस टीम द्वारा नाम-पता पूछते हुये उनकी तलाशी ली गयी तो उनके कब्जे से 6 मोबाइल, 1 पैन ड्राइव, 3 पासबुक, 7 चेकबुक, 2 आधार कार्ड, 3 पेन कार्ड, 1 मैट्रो कार्ड, 13 एटीएम कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस, 3 क्यूआर कोड, 1 फर्म की मोहर, 1 मोटर साइकिल, 1 कार टाटा पंच तथा इण्डोनेशिया की सिम बरामद की गयी है ।  बरामदगी के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि हम लोगों को साइबर ठगी करने के लिए बडे स्तर पर रुपयों के ट्रांजेक्शन के लिए चालू खाते की आवश्यकता होती है, इसलिए हम लोग फर्म या लघु उद्योग के नाम पर एम एस एम ई का सर्टीफिकेट बनवाते हैं और उस सर्टीफिकेट के आधार पर अलग-अलग बैंकों मे जाकर चालू खाता (CURRENT ACCOUNT) फर्म के नाम से खुलवाकर उन खातों की डिटेल्स को टेलीग्राम एप्प व व्हाट्सएप के ‘पैनल ग्रुप्स’ पर भेजते है, टेलीग्राम ग्रुप व व्हाट्सएप के ‘पैनल ग्रुप्स’ में भेजे गये खातों में से प्रत्येक खाते में लगभग 1 करोड़ रुपये की धनराशि का ट्रांजेक्शन कर लेते है, जिसमें से 3 से 4 प्रतिशत कमीशन हम लोगों को प्राप्त होता है, जिसे हम आपस में बांट लेते है । साथ ही टेलीग्राम एप्प  तथा व्हाट्सएप ग्रुप  पर जुड़े अन्य साथी अभियुक्तों से कभी मुलाकात न करके उनसे  केवल टेलीग्राम एप्प व व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संपर्क करके साइबर अपराध कारित करते हैं । उपरोक्त सभी अभियुक्तगण देहरादून में एनडीए की तैयारी के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए और वहीं से इनकी आपराधिक मानसिकता ने एक संगठित स्वरूप लेना शुरू किया । शॉर्टकट में अमीर बनने की चाह ने इन्हें साइबर अपराध के दलदल में झोंक दिया । गिरोह का उद्देश्य केवल ठगी करना नहीं बल्कि ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड को वैध रूप में प्रस्तुत करके युवाओं को फांसना और डिजिटल मनी लॉन्ड्रिंग करना था । गिरोह फर्जी करेंट अकाउंट खुलवाने के लिए सामान्य युवाओं को लॉजिक देकर फंसाता है कि गेमिंग कंपनी के माध्यम से पैसा आएगा और कमीशन मिलेगा । उन्हें बड़ी राशि के ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट भेज कर लुभाया जाता था । खाताधारकों से एक विशेष APK सॉफ्टवेयर डाउनलोड करवाया जाता है जिससे खाता पूरी तरह से रिमोट कंट्रोल से गिरोह द्वारा संचालित किया जा सके । अभियुक्तों का अन्य देशों (चीन, होंग कॉग, इण्डोनेशिया) के साइबर अपराधियों के संपर्क में रहते हुए एक खाते में 100 CR तक के ट्रांजेक्शन कराये जाने के लालच में मैसेज व चैट पायी गयी है तथा अभियुक्त हिमांशु चौधरी के बंधन बैंक के खातें  के मध्य लगभग 80 लाख रुपये की धनराशि की साइबर ठगी की गयी है जेमिस पोर्टल पर उक्त बैंक खाते के विरुध्द दर्ज शिकायतों की जानकारी हेतु चेक करने पर उक्त खातें में 80 लाख रुपयें के विरुध्द विभिन्न राज्यों (आन्ध्र प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, असम, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश) से कुल 32 शिकायतें पर दर्ज है ।
पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक  बेचन कुमार सिंह प्रभारी एसओजी मय टीम, उपनिरीक्षक नागेन्द्र चौधरी प्रभारी सर्विलांस मय टीम प्रभारी निरीक्षक  रणबहादुर सिंह थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षण  यशवंत सिंह ,उपनिरीक्षक कृष्णमुरारी, उपनिरीक्षक कासिफ हनीफ उपनिरीक्षक  दर्शन सिंह सोलंकी, मय टीम द्वारा कार्यवाही की गई   उक्त सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीमों के उत्साह वर्धन हेतु एसएसपी द्वारा 15,000/- रुपये की राशि से पुरस्कृत किया गया है ।
एसएसपी ने जनता से अपील की जाती है कि वे किसी भी लालच में आकर अपने बैंक खातों की जानकारी या एक्सेस किसी को भी न दें । साइबर फ्रॉड, साइबर ठगी अथवा अन्य किसी भी प्रकार का साइबर अपराध घटित होने पर तुरन्त स्थानीय साइबर सेल, थाना साइबर क्राइम या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सम्पर्क करें ।